आहार और पोषण विशेषज्ञ के अनुसार खाने-पीने की सही आदतें रखे बीमारियों से दूर
इंदौर । कोरोना काल में हम अपनी खाने-पीने की आदतें सुधार लें तो काफी हद तक बीमारियों से दूर रह सकते हैं। सुबह व्यायाम के बाद प्रोटीन की जरूरत बॉडी को होती है। इसके बाद चाय की जगह दूध लेने की आदत बनाना चाहिए। केसर और हल्दी का दूध भी ले सकते हैं। दूध में ही चाय का मसाला डालकर भी ले सकते हैं। मिल्क शेक और फ्रूट्स भी फायदेमंद होता है। सुबह का खाना पौष्टिक होना चाहिए। भूने चने, उपमा या दलिया भी ले सकते हैं। बटर मिल्क, ग्रीन टी भी ले सकते हैं।
यह बात आहार और पोषण विशेषज्ञ डॉ. संगीता मालू ने कही। उन्होंने कहा- लंच में सलाद अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए। हम गेहूं के अलावा बाजरा, ज्वार और अन्य अनाज से बनी चपाती भी खानी चाहिए। दाल और हरी सब्जी को अनिवार्य रूप से शामिल किया जा सकता है। दोपहर तीन- चार बजे अगर कुछ खाने की इच्छा है तो ज्वार, मक्का और बाजरा की सामग्री से बने आहार ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि रात का खाना भी जल्दी खा लेना चाहिए। इस समय भी सलाद, सब्जी, दाल, दलिया ले सकते हैं। सूप भी शामिल कर सकते हैं। जैतून में भरपूर मात्रा में पौष्टिक आहार पाए जाते हैं। यह शरीर को गर्म रखता है। इसमें आयरन और कैल्शियम भी होता है। ज्यूस का सेवन करते रहना चाहिए। फास्ट फूड और पैकिंग वाले फूड से बचना चाहिए। ऑइल भी तीन से चार महीने में बदल-बदल कर उपयोग करना चाहिए। वनस्पति घी का उपयोग करने से भी बचना चाहिए।